Hazaribagh: संजय सिंह क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है, जिससे जिले में खेल के प्रति नया उत्साह देखा जा रहा है. गुरुवार को हजारीबाग जिला क्रिकेट संघ (एचडीसीए) के अध्यक्ष सह सांसद मनीष जायसवाल की अध्यक्षता में संघ की कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक स्टेडियम के पवेलियन सभागार में संपन्न हुई. बैठक में स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
स्टेडियम में बढ़ेंगी सुविधाएं
मैदान के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन नए प्रैक्टिस पिच बनाने, ग्राउंड संख्या दो का निर्माण करने और मुख्य मैदान की बेहतर लेवलिंग कराने पर सहमति बनी. इसके साथ ही खिलाड़ियों के आधुनिक प्रशिक्षण के लिए बोलिंग मशीन खरीदने, ग्राउंड परिसर में डीप बोरिंग व वॉटर टैंक की व्यवस्था करने और स्टेडियम की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग के जरिए सौंदर्यीकरण का फैसला लिया गया. आम लोगों और खेल प्रेमियों की सुविधा के लिए ओपन जिम बनाने और वॉकिंग ट्रैक पर लाइट लगाने का भी निर्णय लिया गया है.
महिला क्रिकेट का बड़ा मंच
हाल ही में बीसीसीआई के कूच बेहार टूर्नामेंट के सफल आयोजन के बाद यह मैदान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है, जहां केरल और झारखंड की टीमों के बीच मुकाबला हुआ था. अब झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित सीमा देसाई टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार इसी मैदान पर डे-नाइट फॉर्मेट में किया जाएगा. 29 अप्रैल से 3 मई 2026 तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में झारखंड की श्रेष्ठ 60 महिला क्रिकेटरों को चार टीमों में बांटकर मुकाबले कराए जाएंगे. इसी टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर झारखंड की सीनियर महिला क्रिकेट टीम का अंतिम चयन भी किया जाएगा.
क्रिकेट प्रेमियों से अपील
एचडीसीए अध्यक्ष मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग का यह स्टेडियम राज्य की महिला क्रिकेटरों के स्वागत और आतिथ्य के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि संघ की कोशिश खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता वाला मैदान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की है. साथ ही जिले के क्रिकेट प्रेमियों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें.
