Palamu: जहां एक ओर प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच अक्सर मानवीय संवेदनाएं पीछे छूट जाती हैं, वहीं पलामू के नए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अपने पशु प्रेम और संवेदनशीलता से एक अनूठी मिसाल पेश की है. मामला उस वक्त सामने आया जब एक जागरूक नागरिक ने व्हाट्सएप के माध्यम से उपायुक्त को एक तस्वीर भेजकर जानकारी दी कि एक गाय का बछड़ा सड़क किनारे बीमार अवस्था में पड़ा हुआ है. तस्वीर में बछड़े की हालत काफी दयनीय प्रतीत हो रही थी, जिससे उसके जीवन पर खतरा मंडरा रहा था.
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही उपायुक्त श्री शेखावत ने बिना देर किए पूरे मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने तुरंत एनडीसी (नजारत उप समाहर्ता) को निर्देश दिया कि बछड़े को ट्रैक कर उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उपायुक्त के निर्देश पर प्रशासन हरकत में आया. शहर थाना एवं छतरपुर थाना प्रभारी के सहयोग से बछड़े की तलाश की गई और उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया. इसके बाद बछड़े को बेहतर देखभाल और उपचार के लिए जपला स्थित अर्जुन यादव की गौशाला को सुपुर्द कर दिया गया.
आमजनों से खास अपील
इस मानवीय पहल ने यह साबित कर दिया कि उपायुक्त न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, बल्कि जीव-जंतुओं के प्रति भी गहरी संवेदनशीलता और करुणा रखते हैं. उपायुक्त ने इस मौके पर आमजनों से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में पशु-पक्षियों को भी हमारी सहायता की जरूरत होती है. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अपने घरों, दुकानों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करें तथा संभव हो तो छायादार स्थान उपलब्ध कराएं.
