Lohardaga: उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण करने के पश्चात लोहरदगा के उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज राज्य के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की. यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें जिला प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
कई योजनाओं और निर्देशों के अनुपालन पर दी जानकारी
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया और लोहरदगा जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को संभालने के बाद की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया. इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों की प्रगति तथा सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर विस्तृत जानकारी साझा की.
मुलाकात के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दे चर्चा का प्रमुख केंद्र रहे. उपायुक्त ने बताया कि जिले में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने, ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है. साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए विभिन्न स्तरों पर निगरानी की जा रही है.
आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान करने का निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर लोहरदगा जिले के समग्र विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखी जाए. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गरीब, वंचित एवं ग्रामीण तबकों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही और कहा कि सरकार की मंशा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना है.
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें. साथ ही यह भी कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जनता को वास्तविक लाभ मिल सके.
सभी निर्देशों का पालन करने का दिया आश्वासन
इस शिष्टाचार भेंट को जिला प्रशासन और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है. उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आश्वस्त किया, कि सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाएगा और लोहरदगा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
मुलाकात के बाद यह स्पष्ट संकेत मिला है कि जिला प्रशासन राज्य सरकार के मार्गदर्शन में जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें: शादी समारोह में पहुंची नाबालिक के साथ 5 लड़कों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, सभी गिरफ्तार
