Ranchi: रांची जिले के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में SSP राकेश रंजन के निर्देश पर आज (29 जुलाई) जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया. आम लोगों को त्वरित विधिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की पूर्व सूचना प्रेस, सोशल मीडिया और प्रबुद्ध लोगों के माध्यम से प्रसारित की गई थी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद इसका लाभ उठा सकें.
SSP समेत बड़े पुलिस अधिकारियों ने खुद सुनी जन-समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान SSP राकेश रंजन समेत जिले के वरीय अधिकारियों ने अलग-अलग थानों में खुद मौजूद रहकर आम जनता की समस्याएं सुनीं और शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया. जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत आज जिले भर के थानों में कुल 119 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए. प्राप्त आवेदनों में से 73 मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका आज ही निष्पादन कर दिया गया. सुनवाई के दौरान तीन संवेदनशील मामले सामने आए, जिन पर SSP के निर्देश पर संबंधित थानों में अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. शेष बचे मामलों में गुणवत्तापूर्ण जांच की प्रक्रिया जारी है.
