Koderma: महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिला समाज कल्याण शाखा, कोडरमा द्वारा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नीति आयोग (NITI Aayog) के डेवलपमेंट पार्टनर जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन एसोसिएशन फॉर वॉलेंट्री एक्शन (AVA) के सहयोग से जिले की देवीपुर, बेहराडीह, जामू, लालगढ़ एवं बड़डीहा पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.
महत्वपूर्ण विषयों पर किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं, किशोर-किशोरियों एवं जनप्रतिनिधियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल श्रम, भ्रूण हत्या, डायन प्रथा, माहवारी स्वच्छता (MHM) से जुड़ी भ्रांतियों, डिजिटल अपराधों से बचाव तथा डिजिटल साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया. साथ ही संबंधित कानूनी प्रावधानों, सरकारी योजनाओं तथा बाल एवं महिला अधिकारों की जानकारी देते हुए सामाजिक कुरीतियों एवं अपराधों की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया गया. इस अवसर पर प्रतिभागियों को गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (PCPNDT) अधिनियम, 1994 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया. उन्हें बताया गया कि भ्रूण लिंग जांच तथा इससे संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि कानूनन दंडनीय अपराध है.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल श्रम एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों और अपराधों के उन्मूलन, बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने तथा एक जागरूक, संवेदनशील एवं उत्तरदायी समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया.
