Lohardaga: नेशनल हाईवे 39 कुड़ू-रांची मुख्य पथ पर थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के समीप शराब लदा मालवाहक वाहन व स्कूटी के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में मां-पुत्र सहित तीन की मौत हो गई. घटना के बाद हाइवे जाम हो गया. सीओ संतोष उरांव व थाना प्रभारी अजीत कुमार की तत्परता के बाद दो घंटे के भीतर हाइवे में लगा जाम हटा लिया गया और आवागमन शुरू करा दिया गया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है.
कैसे हुआ हादसा
बताया जाता है कि रांची से शराब लेकर मालवाहक वाहन नंबर JH 01 AE 4495 पलामू जा रहा था. दूसरी तरफ कुड़ू थाना क्षेत्र के रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताइन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी नंबर JH 01 BD 0695 पर सवार होकर मांडर अस्पताल में भर्ती अपने पति को देखने जा रही थीं. इसी बीच शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे मालवाहक वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पलट गई. इस हादसे में मौके पर ही किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौत हो गई, जबकि विषुण भगताइन की इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई.
घटना के बाद हंगामा और कार्रवाई
घटना के बाद शराब लूटने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. मौके पर थाना प्रभारी अजीत कुमार पहुंचे और ग्रामीणों को खदेड़ा. मालवाहक वाहन के बीच सड़क पर पलटने से आवागमन बाधित हो गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, लेकिन थाना प्रभारी की तत्परता से उन्हें समझाकर जाम हटवा दिया गया.
घायलों का इलाज
घटना में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग, रांची के कांके थाना क्षेत्र के गांधी नगर कांके रोड निवासी विनत मुंडा, विकास मिंज और टिंकू राम घायल हो गए. तीनों का इलाज कुड़ू सीएचसी में चल रहा है. दो घायलों विनत मुंडा और विकास मिंज को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है. पुलिस ने शराब लदा मालवाहक वाहन और स्कूटी को जब्त कर लिया है. सीओ और थाना प्रभारी ने मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए कुछ सहायता राशि और दो क्विंटल चावल उपलब्ध कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
