Giridih: जिले में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है. दिनांक 23 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने पचम्बा थाना क्षेत्र के माथाडीह में छापेमारी कर गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया.
पहले दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस उपाधीक्षक (मु0-02) कौशर अली के नेतृत्व में टीम जब मौके पर पहुंची, तो सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मौजूद दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया. पूछताछ में उनकी पहचान शिव शंकर साव (45 वर्ष) और हरि शंकर राम (39 वर्ष) के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उनके बैग से टेप में लिपटे 5 बंडल बरामद हुए, जिनमें करीब 5 किलोग्राम गांजा मिला.
निशानदेही पर और गिरफ्तारी
इसके बाद दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने जमुआ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर महेन्द्र यादव (48 वर्ष) और कमलेश कुमार सिंह (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया. यहां से भी करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. कुल मिलाकर पुलिस ने 10.10 किलोग्राम गांजा जब्त कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया.
केस दर्ज
इस मामले में पचम्बा थाना कांड संख्या 38/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20/22/29 में केस दर्ज किया गया है. इस सफल कार्रवाई में डीएसपी कौशर अली के साथ पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई. गिरिडीह में नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं. पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है.
