चार लोगों ने कबूला- विनय चौबे को दिए गए बैग भर-भर के पैसे, करोड़ो रुपए की रकम को दिया गया शगुन का नाम 

विनीत आभा उपाध्याय Ranchi: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे चौंकाने...

विनीत आभा उपाध्याय 

Ranchi: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. ACB ने झारखंड हाईकोर्ट में चौंकाने वाली जानकारी साझा करते हुए बताया है कि उत्पाद विभाग के तत्कालीन सचिव विनय चौबे को करोड़ों रुपए की रिश्वत बैग भर-भर कर दी गई थी. यह खुलासा छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के मुख्य आरोपी अरुण पति त्रिपाठी की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान किया गया.

ACB की जांच में यह तथ्य उभर कर सामने आया है कि विनय चौबे को दी गई यह भारी-भरकम राशि किसी शगुन के तौर पर नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की एक गहरी साजिश का हिस्सा थी. ACB के मुताबिक इस केस से जुड़े चार प्रमुख व्यक्तियों ने अपने बयान में इस बात को स्वीकार किया है कि उन्होंने सीधे तौर पर या उनके माध्यम से विनय चौबे तक पैसे पहुंचाए.

इन लोगों ने दर्ज कराया कबूलनामा 

  • ​अमित मित्तल
  • ​संजीव जैन
  • ​विधु गुप्ता
  • ​नवेंदु शेखर

Also Read: JPSC JET 2026: छह शहरों में 434 केंद्रों पर कल होगी परीक्षा, कड़े सुरक्षा इंतजाम

क्या दर्ज है ACB की केस डायरी में

​ACB ने अपनी केस डायरी में स्पष्ट रूप से दर्ज किया है कि इन चारों व्यक्तियों ने स्वीकार किया है कि कुल 5 करोड़ रुपए की रिश्वत विनय चौबे के आवास पर डिलीवर की गई थी. मामले की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि उत्पाद विभाग के सर्वोच्च पद पर बैठे अधिकारी के घर पर बैगों में भरकर नकदी पहुंचाई जा रही थी.

ACB का दावा है कि यह पैसा शराब नीति में बदलाव करने और खास सिंडिकेट को फायदा पहुंचाने के एवज में दिया गया था. कोर्ट को बताया गया कि आरोपियों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार की जड़ें विभाग के भीतर काफी गहराई तक फैली हुई थीं.

ACB ने हाईकोर्ट में जो तथ्य पेश किए हैं वह विनय चौबे की मुश्किलों को बढ़ा सकते हैं. भ्रष्टाचार के इन गंभीर आरोपों ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था और पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल ACB इन बयानों और केस डायरी में शामिल तथ्यों के आधार पर मनी ट्रेल की जांच कर रही है, ताकि इस सिंडिकेट में शामिल अन्य रसूखदारों के चेहरों को बेनकाब किया जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *