रांची/देवघर: झारखंड में आपराधिक नेटवर्क और अवैध हथियारों के खिलाफ एटीएस और स्थानीय पुलिस ने एक सफलता हासिल की है. रांची और देवघर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को धर दबोचा है.इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आधुनिक हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि कुछ अपराधी देवघर और रांची के इलाकों में सक्रिय हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने या हथियारों की तस्करी की योजना बना रहे हैं. इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए एटीएस और देवघर पुलिस ने एक साझा रणनीति तैयार की और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से एक बेहद आधुनिक पिस्टल बरामद की है, जिस पर US 99 लिखा है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद किया गया यह हथियार काफी घातक और आधुनिक तकनीक का है। इसके साथ ही मौके से आधा दर्जन से अधिक जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं.।इस संयुक्त कार्रवाई में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है.
