Pakur: उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्य प्रणाली एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया.
विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, जिला निर्वाचन शाखा, नीलाम पत्र शाखा, भू-अर्जन कार्यालय, राजस्व शाखा, डीपीएमयू यूनिट, आपूर्ति कार्यालय, जिला विधि शाखा और नजारत सहित अन्य कार्यालयों का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों तथा कार्यालय व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की.
ALSO READ: चुनावी बिसात पर भाजपा का महिला कार्ड, भविष्य की लिखी जा रही पटकथा
अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में पदस्थापित प्रत्येक पदाधिकारी और कर्मी का प्रमुख दायित्व है कि वे आम जनता की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करें. साथ ही सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशासन वही है, जहां आम नागरिक को सम्मानपूर्वक, समयबद्ध और पारदर्शी सेवा प्राप्त हो.
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
