NEWS DESK: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की ओर से झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) रविवार यानी आज रांची के 117 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है.
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल, अधिकारियों और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. इसके बावजूद प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं.
रांची में 117 केंद्रों पर होगी जेट परीक्षा
जेट परीक्षा के लिए राजधानी रांची में कुल 117 केंद्र बनाए गए हैं. इनमें मारवाड़ी कॉलेज, आरटीसी हाई स्कूल बूटी, गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल बरियातू, संत अन्ना इंटरमीडिएट स्कूल मेन रोड, मनन विद्या स्कूल डुमरदगा और सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल समेत शहर के विभिन्न इलाकों में केंद्र तय किए गए हैं.
अफवाहों पर सख्त नजर, सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
परीक्षा के समय किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है. साथ ही केंद्र अधीक्षकों, जिला शिक्षा विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है.
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा पर जोर
झारखंड पात्रता परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांत माहौल में संपन्न कराने पर जोर दिया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो.
Also Read: हजारीबाग: यू-डाइस कोड बंद, स्कूलों का अस्तित्व संकट में, शिक्षा मंदिरों पर ताले, सिस्टम पर उठे सवाल
निर्देशों के पालन के लिए सभी विभाग अलर्ट
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और परीक्षा के सुचारु आयोजन में सहयोग करें.
एहतियात के तौर पर सख्त पाबंदियां लागू
रविवार यानी आज होने वाली परीक्षा को लेकर कई एहतियाती कदम भी उठाए गए हैं. इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी, लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा, किसी भी तरह के हथियार लेकर चलना मना होगा और सार्वजनिक सभा या बैठक आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी.
