रांची: जिले के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चर्च रोड स्थित महावीर मंदिर के पास दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार रात लगभग 11 बजे किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झड़प के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को पकड़ लिया और उस पर चाकू से वार कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हमलावर मौके से फरार हो गए.
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अंजुमन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी. घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.


