Ranchi: JSSC और JPSC में कथित घोटाले के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों से बुधवार देर शाम भाजपा नेत्री एवं पूर्व विधायक सीता सोरेन ने मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया.
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर छात्रों का जाना हाल
सीता सोरेन देर शाम जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचीं, जहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने छात्रों से आंदोलन के कारण, उनकी मांगों और अब तक चले आंदोलन की पूरी जानकारी ली. छात्रों ने आयोगों में कथित अनियमितताओं और अपनी मांगों को उनके समक्ष विस्तार से रखा.

छात्रों की मांगों का किया समर्थन, बढ़ाया हौसला
भाजपा नेत्री एवं पूर्व विधायक सीता सोरेन ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों का निष्पक्ष समाधान होना चाहिए. उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी जायज मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए.

न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात
मुलाकात के दौरान आंदोलनरत छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र आंदोलन स्थल पर मौजूद रहे.

