GIRIDIH: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरहबाद गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लड़की और लड़का पक्ष के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई.
दूल्हे के साथ मंच पर लोगों की संख्या को लेकर बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा गप्पई गांव से बारात जमुआ के बेरहबाद गांव पहुंची थी. बारात के स्वागत के बाद वरमाला की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान लड़की पक्ष की ओर से यह कहा गया कि वरमाला कार्यक्रम में दूल्हे के साथ केवल पांच लोग ही मंच पर आएंगे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
लाठी-डंडे चले, शादी समारोह बना रणक्षेत्र
कुछ ही देर में मामला तूल पकड़ गया और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यक्रम स्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया.
चार लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
इस मारपीट की घटना में चार लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान कमल दास (35 वर्ष), कारु दास (24 वर्ष), दलेश्वर दास (21 वर्ष) और सनोज कुमार दास (29 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी घायल मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गप्पई गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद शादी समारोह में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
📢ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए हमारे whatsapp चैनल से जुड़े:
