Hazaribagh: बड़कागांव प्रखंड निवासी बलदेव सोनी को बिजली विभाग की ओर से ₹1,18,53,198 (एक करोड़ अठारह लाख तिरेपन हजार एक सौ अट्ठानवे रुपये) का बिजली बिल मिलने का मामला सामने आया है. करोड़ों रुपये का बिल देखकर उपभोक्ता और उनका परिवार चिंतित और परेशान है. बलदेव सोनी ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और बिल में सुधार करने की मांग की है.
पहले था 18,377 का बकाया
आवेदन में बलदेव सोनी ने बताया कि उनका उपभोक्ता संख्या 13 और जीआरआर (GRR) संख्या 2553 है. उनके अनुसार 25 जून 2021 तक ₹18,377 का बिजली बिल बकाया था. राशि जमा नहीं होने पर विभाग ने प्राथमिकी दर्ज कर बिजली कनेक्शन काट दिया था. बलदेव सोनी ने बताया कि बाद में उन्होंने ₹18,377 की बकाया राशि और ₹6,000 जुर्माना जमा कर समझौता कर लिया था. इसके बाद विभागीय प्रक्रिया के तहत 3 सितंबर 2021 को ₹400 शुल्क जमा कर दोबारा बिजली कनेक्शन चालू कराया गया.
नया मीटर नहीं लगाने का आरोप
उपभोक्ता का आरोप है कि दोबारा कनेक्शन मिलने के बाद न तो नया बिजली मीटर लगाया गया और न ही नियमित रूप से बिजली बिल दिया गया. उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार विभाग को शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

अचानक आया करोड़ों का बिल
बलदेव सोनी ने कहा कि अब अचानक ₹1.18 करोड़ से अधिक का बिजली बिल भेज दिया गया है, जिसे देखकर पूरा परिवार स्तब्ध है. उन्होंने विभाग से तकनीकी त्रुटि की जांच कर सही बिल जारी करने की मांग की है. उपभोक्ता ने कहा कि विभाग इस मामले की तत्काल जांच करे और यदि बिल में त्रुटि पाई जाती है तो उसे सुधारकर वास्तविक बकाया राशि का बिल जारी किया जाए.
ALSO READ: गुमला में संवेदकों का धरना, लंबित भुगतान और रॉयल्टी नीति पर जताई नाराजगी
