Ranchi: राजधानी रांची में बहुचर्चित फ्लाईओवर परियोजना को गति देने के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है. बहु बाजार से पटेल चौक को जोड़ने वाले सिरमटोली-मेकोन फ्लाईओवर तथा कोकर-योगदा सत्संग आश्रम फ्लाईओवर (कुल लंबाई 1.25 किमी) के निर्माण हेतु मौजा कोनका (198) और मौजा सिरम (210) में जमीन और संरचनाओं का अधिग्रहण किया जा रहा है. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, रांची द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस परियोजना के तहत वर्ष 2024-25 के भू-अर्जन वाद संख्या 44/2024-25 और 43/2024-25 में विभिन्न खातों और प्लॉटों की भूमि अधिग्रहित की गई है. इसमें वार्ड संख्या 04, 05 और 06 के अंतर्गत कई रैयतों की जमीन शामिल है.
कई रैयतों की जमीन और संरचनाएं अधिग्रहित
सूचना के अनुसार, कोनका मौजा में कुल लगभग 0.3973 एकड़ (वार्ड 05) और 0.8708 एकड़ (वार्ड 06) भूमि अधिग्रहित की गई है. वहीं, आरएस प्लॉट के तहत भी अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण हुआ है. इसी तरह मौजा सिरम में करीब 0.9730 एकड़ भूमि और विभिन्न प्रकार की संरचनाएं अधिग्रहित की गई हैं. इसमें निजी व्यक्तियों, परिवारों तथा कुछ संस्थाओं की जमीन और मकान शामिल हैं.
ALSO READ: गुमला: जल पखवाड़ा के तहत छात्रों के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मुआवजा के लिए आवेदन नहीं मिलने से अटका भुगतान
प्रशासन ने बताया है कि अधिग्रहित भूमि के रैयतों को धारा-37 के तहत नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कई प्रभावित लोगों ने मुआवजा भुगतान के लिए आवेदन जमा नहीं किया है. इस कारण मुआवजा राशि का भुगतान लंबित है और परियोजना की प्रगति भी प्रभावित हो रही है.
10 मई अंतिम तिथि, नहीं करने पर राशि जाएगी सरकारी खजाने में
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी संबंधित रैयत 10 मई 2026 तक मुआवजा प्राप्त करने के लिए आवेदन कार्यालय में जमा करें. यदि निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं किया जाता है, तो यह माना जाएगा कि संबंधित व्यक्ति मुआवजा लेने के इच्छुक नहीं हैं. ऐसी स्थिति में मुआवजा राशि सरकारी खजाने में जमा कर दी जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित रैयतों की होगी.
