Gumla: गुमला थाना क्षेत्र के सुरसुरिया गांव में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल जा रहे बच्चों के एक समूह पर भंवरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. इस घटना में 11 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दर्जनभर अन्य बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी कुमारी (11 वर्ष), पिता रामबालक साहू, सुरसुरिया निवासी, राजकीय मध्य विद्यालय केसीपारा की छठवीं कक्षा की छात्रा है. वह रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अन्य बच्चों के साथ स्कूल जा रही थी. इसी दौरान केसीपारा और सुरसुरिया के बीच रास्ते में एक पेड़ पर भंवरों ने छत्ता बना रखा था. जैसे ही बच्चे उस पेड़ के पास पहुंचे, भंवरों का झुंड अचानक आक्रामक हो गया और बच्चों पर हमला बोल दिया. देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई. बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ बच्चे गिर भी पड़े तो कुछ ने भागकर खुद को किसी तरह सुरक्षित किया.
यह भी पढ़ें : सिसई में सामूहिक पहल से प्रेमी युगल की कराई गई शादी, समाज में गया सकारात्मक संदेश
लक्ष्मी कुमारी को सदर अस्पताल में कराया गाय भर्ती
इस हमले में लक्ष्मी कुमारी को सबसे अधिक नुकसान हुआ. उसे करीब 40 से 50 स्थानों पर भंवरों ने डंक मार दिया, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई. वहीं दूसरे बच्चे—विष्णु साहू, सोनू मुंडा सहित कई छात्र-छात्राएं भी घायल हुए. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले गए. गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी कुमारी को तत्काल गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. वहीं अन्य घायल बच्चों का प्राथमिक उपचार स्थानीय स्तर पर ही किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थान पर पेड़ में काफी समय से भंवरों का छत्ता बना हुआ था, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं गया. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक छत्तों को जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
यह भी पढ़ें : NTPC पकरी बरवाडीह का कीर्तिमान, 100 मिलियन मीट्रिक टन कोयला उत्पादन का आंकड़ा पार
