Ranchi: बढ़ते प्रदूषण को लेकर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों से अधिक प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों, संस्थानों और वाहनों के खिलाफ अब सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही निगरानी तंत्र को मजबूत कर नियमित जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है.
मानकों से अधिक उत्सर्जन पर होगी कड़ी कार्रवाई
निर्देश में कहा गया है कि जो भी औद्योगिक इकाइयां या संस्थान तय मानकों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ जुर्माना, संचालन पर रोक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण के नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
वाहनों पर भी कसा शिकंजा, पीयूसी जांच अनिवार्य
- प्रदूषण नियंत्रण के लिए वाहनों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा
- बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी
- अधिक धुआं छोड़ने वाले पुराने वाहनों की जांच होगी
- सड़कों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाएगा
- हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाएगी
जहां अधिक प्रदूषण उस क्षेत्र की होगी पहचान
बोर्ड ने उन क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं जहां प्रदूषण का स्तर अधिक है. इन हॉटस्पॉट इलाकों में लगातार वायु गुणवत्ता की मॉनिटरिंग और विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा. रिपोर्टिंग सिस्टम को मजबूत करने की व्यवस्था की जाएगी. जनभागीदारी को भी अहम हिस्सा बनाया गया है. प्रदूषण नियंत्रण में आम लोगों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए अपील की गई है, कि वाहन की नियमित जांच कराएं, कचरा और प्लास्टिक जलाने से बचें, पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन करें.
यह भी पढ़ें: मॉरीशस मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष-सचिव की अग्रिम जमानत खारिज
