तेज आंधी-तूफान में स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, पांच बच्चे घायल

Gumla: महुआडांड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को मौसम की मार ने एक बड़ा हादसा करा दिया. तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के...

Gumla: महुआडांड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को मौसम की मार ने एक बड़ा हादसा करा दिया. तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच स्कूली बच्चों से भरा एक रिजर्व ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें पांच बच्चे घायल हो गए. हादसा मौनीडीह गांव के पास उस समय हुआ, जब बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे.

घायलों की पहचान

मिली जानकारी के अनुसार, अनुरूपा एक्का (15 वर्ष), नेहा टोप्पो (13 वर्ष), अनुस उरांव (7 वर्ष), आथिक बड़ा (9 वर्ष) और साक्षी टोप्पो (14 वर्ष) सभी संत माइकल पब्लिक स्कूल, महुआडांड़ के छात्र-छात्राएं हैं. ये सभी महुआडांड़ थाना क्षेत्र के अकसी गांव के निवासी हैं. गुरुवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद सभी बच्चे एक रिजर्व ऑटो में सवार होकर अपने गांव अकसी लौट रहे थे.

अचानक बदला मौसम

इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि तेज हवा और फिसलन भरी सड़क के कारण ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. मौनीडीह गांव के पास पहुंचते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और देखते ही देखते तीन से चार बार पलटी खा गया. ऑटो के पलटते ही उसमें सवार सभी बच्चे सड़क पर जा गिरे और चीख-पुकार मच गई.

Also Read: झारखंड: पुलिस हिरासत में नाबालिग की पिटाई मामले में मानवाधिकार आयोग सख्त, एक लाख मुआवजा और पुलिस अधिकारी पर FIR का आदेश

एक बच्चा गंभीर घायल

हादसे में अनुस उरांव को गंभीर चोट आई है और उसका बायां हाथ टूट गया है. वहीं अनुरूपा एक्का, नेहा टोप्पो, आथिक बड़ा और साक्षी टोप्पो को शरीर के विभिन्न हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं. बच्चों की हालत देखकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत राहत कार्य शुरू किया.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों ने बताया कि एक बच्चे की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज की जरूरत है, जिसके बाद सभी को 108 एंबुलेंस के जरिए गुरुवार रात सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.

अस्पताल में इलाज जारी

सदर अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, हालांकि एक-दो बच्चों को विशेष निगरानी में रखा गया है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

परिजनों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसा पूरी तरह खराब मौसम के कारण हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि ऑटो चालक को इस दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई है. वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.

स्थानीयों ने उठाई सुरक्षा की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान स्कूली बच्चों के परिवहन में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे समय में स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *