Gumla: गुमला मुख्यालय से करीब 5 किमी दूर डुमरडीह में एक सड़क हादसे में सब्जी विक्रेता बेचू प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार, बेचू प्रसाद अपनी बाइक पर सब्जी के बोरे लादकर गुमला बाजार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान डुमरडीह के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
चालक फरार, स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
टक्कर इतनी तेज थी कि वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया, जहां उनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है. बताया जा रहा है कि घायल की हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि बेचू प्रसाद का दाहिना कंधा टूट गया है और शरीर में कई जगह चोटें आई हैं.
