रांची : नगरपालिका चुनाव 2026 की मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मंजुनाथ भजंत्री के निर्देश पर ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित वज्रगृह में संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने की. 27 फरवरी 2026 को रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायतकी मतगणना को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई. अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने, मतगणना हॉल में अनुशासन बनाए रखने और अनधिकृत प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए.
हर टेबल पर निगरानी, आपात स्थिति से निपटने के निर्देश.
ब्रीफिंग के दौरान बैलट बॉक्स की सुरक्षित हैंडलिंग, हर टेबल पर निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया. प्रशासन ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा घेरा, रोशनी, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था कर ली गई है. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, बुंडू एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.
