Koderma: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत असनाबाद स्थित एक निजी विद्यालय के हॉस्टल में रविवार रात कक्षा 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान लक्खीबागी के फरेंदा निवासी विजय यादव के 17 वर्षीय पुत्र उदीत यादव के रूप में हुई है.
परिजनों को फोन पर मिली सूचना
मृतक के बड़े भाई आदित्य कुमार के अनुसार, वह रविवार को अपने भाई से मिलने दो बार स्कूल गए थे. शाम करीब 5:30 बजे मुलाकात कर घर लौटने के बाद उन्हें एक छात्र का फोन आया, जिसमें उदित की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई. इसके बाद वे अपने भाई रोहित के साथ स्कूल पहुंचे, जहां उदित हॉस्टल के कमरे में जमीन पर मृत अवस्था में मिला.
विद्यालय प्रबंधन ने बताया फांसी का मामला
विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को जानकारी दी कि उदित ने कमरे में गमछे के सहारे फांसी लगा ली थी. आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
Also Read: भागलपुर में बड़ा हादसा: गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का पिलर नंबर 133 ध्वस्त, स्लैब नदी में समाया
पढ़ाई के लिए कराया गया था हॉस्टल में दाखिला
परिजनों ने बताया कि उदित अगले वर्ष 10वीं की परीक्षा देने वाला था. बेहतर तैयारी के लिए करीब पांच महीने पहले उसका हॉस्टल में दाखिला कराया गया था.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के परिवार का कहना है कि उदित ऐसा कदम नहीं उठा सकता. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
विद्यालय प्रबंधन ने छात्र के मानसिक तनाव की कही बात
विद्यालय के संचालक प्रमोद कुमार ने बताया कि उदित पिछले चार-पांच दिनों से परेशान था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई नहीं करना चाहता था. हालांकि, परिजनों का कहना है कि इतने छात्रों के बीच ऐसी घटना होना कई सवाल खड़े करता है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.
