Delhi/Ranchi: भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में सोमवार का माहौल किसी उत्सव से कम नहीं था. पश्चिम बंगाल और असम सहित पांच राज्यों के चुनावी परिणामों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ की और इस जीत को ‘ऐतिहासिक और अभूतपूर्व’ करार दिया.
कार्यकर्ताओं की मेहनत और ‘कमल’ का कमाल
पीएम मोदी ने जीत का श्रेय पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा, कि जब वर्षों की तपस्या सफलता में बदलती है, तो उसका आनंद अलग ही होता है. पीएम ने कहा, “मैं भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं को तहे दिल से बधाई देता हूं. हर कार्यकर्ता ने, चाहे वह छोटा हो या बड़ा, एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है और हर तरफ कमल खिला दिया है. इस जश्न के दौरान पीएम मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद रहे.
पश्चिम बंगाल: “भयमुक्त हुआ बंगाल, हुआ नए सूरज का उदय
बंगाल चुनाव परिणामों पर विशेष जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने इसे पीढ़ियों के इंतजार का अंत बताया. उन्होंने कहा कि बंगाल अब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि विकास के भरोसे का प्रतीक बन गया है. पीएम ने कहा, कि आज से बंगाल भयमुक्त हो गया है और विकास के भरोसे से युक्त हो गया है. बंगाल की धरती पर एक नए सूरज का उदय हुआ है, जिसका इंतजार कई पीढ़ियों ने किया था.
उत्तराखंड से बंगाल तक और गंगोत्री से गंगासागर तक
प्रधानमंत्री ने अपनी चिरपरिचित शैली में कहा कि आज उत्तराखंड से बंगाल तक और गंगोत्री से गंगासागर तक सिर्फ कमल ही कमल नजर आ रहा है. पीएम मोदी ने पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की विशेष रूप से प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह उनका पहला विधानसभा चुनाव था और उनके मार्गदर्शन ने इस जीत में अमूल्य भूमिका निभाई है.
लोकतंत्र और संविधान की जीत
प्रधानमंत्री ने चुनावी नतीजों को केवल एक राजनीतिक दल की जीत न मानकर इसे भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया. पांच राज्यों की जनता ने साबित कर दिया है, कि भारत दुनिया में लोकतंत्र की जननी क्यों है. यह हमारे संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जीत है. लोकतंत्र हमारे लिए केवल एक शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि हमारी जीवन पद्धति और संस्कृति है.
उपचुनावों में भी लहराया परचम
मुख्य राज्यों के अलावा, पीएम मोदी ने विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजों पर भी खुशी जाहिर की. महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा के उपचुनावों में जनता ने भाजपा और एनडीए के उम्मीदवारों को भरपूर आशीर्वाद दिया. पीएम ने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनडीए नेता सुनेत्रा पवार की शानदार जीत का भी विशेष उल्लेख किया.
यह भी पढ़ें: ‘भगवामय लहर’ का जश्न, तीन राज्यों की जीत पर भाजपा दफ्तर में आतिशबाजी, नेताओं के तेवर हुए और तेज
