Ranchi: तीन राज्यों में मिली बड़ी जीत के बाद झारखंड भाजपा मुख्यालय जश्न के रंग में डूब गया. पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने लड्डू-झालमुड़ी बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी, वहीं पटाखों और आतिशबाजी के साथ जीत का जोरदार उत्सव मनाया गया. माहौल पूरी तरह “विजय उत्सव” में बदल गया, जहां हर चेहरा जीत की चमक से भरा नजर आया.
राज्यसभा सांसद ने बताया जीत को ऐतिहासिक मोड़
प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने इस जीत को “ऐतिहासिक मोड़” बताते हुए कहा कि देश ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, कि “अंधेरा अब खत्म हो चुका है, देश में भगवामय सूरज उग चुका है.” उनके मुताबिक, यह सिर्फ चुनावी नतीजा नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व पर जनता की मुहर है.
पश्चिम बंगाल को लेकर साहू ने सीधे ममता सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 15 साल के शासन से त्रस्त जनता ने अब बदलाव का रास्ता चुना है. घुसपैठ, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर हमला बोलते हुए उन्होंने दावा किया, कि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से इन सबका जवाब दे दिया है.
भाजपा की असली ताकत मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इस जीत का श्रेय बूथ स्तर तक काम करने वाले कार्यकर्ताओं को दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत ने इस जीत को संभव बनाया.
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इसे “जनता के भरोसे का विस्फोट” करार दिया. उन्होंने कहा कि यह जनादेश सुशासन, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास की राजनीति के समर्थन का स्पष्ट संकेत है और आने वाले समय में इन राज्यों में नई दिशा तय करेगा.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इस जीत को कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा, कि यह जनादेश जिम्मेदारी भी बढ़ाता है, अब जनता की उम्मीदों पर और बेहतर तरीके से खरा उतरना होगा.
यह भी पढ़ें: मोदी मैजिक पर सुदेश महतो का बयान- जनादेश नहीं, भरोसे का विस्फोट!
