Pakur: पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के पचुआरा केवट टोला गांव स्थित एक घर से वन विभाग की टीम ने 5.5 फीट लंबा कोबरा सांप का सफल रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया. मिली जानकारी के अनुसार अमड़ापाड़ा प्रखंड के पचुआरा गांव स्थित एक घर में 5.5 फीट का कोबरा घुस गया था. जब घर के लोगों ने देखा तो सभी डर गए और इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी.
वनकर्मी ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वनकर्मी अशराफुल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा का रेस्क्यू किया. वनकर्मी असराफुल शेख ने बताया कि अमन कुमार केवट के घर में 5.5 फीट लंबा एक कोबरा सांप घुसा था. परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत विभाग को सूचना दी. उन्होंने बताया कि यह स्पेक्टेकल्ड कोबरा सांप काफी जहरीला होता है और इसे सुरक्षित तरीके से घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा.
ALSO READ:बुंडू: NH-33 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा घायल
ग्रामीणों को दी गई जागरूकता की सलाह
वनकर्मी असराफुल शेख ने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन्यप्राणियों को न मारें, उनके साथ छेड़छाड़ न करें और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें. उन्होंने यह भी कहा कि सांप के काटने पर ओझा-गुनी, झाड़-फूंक या जड़ी-बूटी के चक्कर में न पड़ें, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराएं. उन्होंने बताया कि अक्सर लोग सांप को देखते ही मारने का प्रयास करते हैं, लेकिन यहां के ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए विभाग को सूचना दी, जिससे सुरक्षित रेस्क्यू संभव हो सका.
