Newswave Desk: एक ओर भारत तेजी से डिजिटल हो रहा है लेकिन दूसरी ओर ऑनलाइन ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं. खासतौर पर डिजिटल बैंकिंग सेक्टर साइबर ठगों के निशाने पर है. आए दिन लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ाने के नए-नए मामले सामने आते रहते हैं. इसी बीच State Bank of India ने अपने ग्राहकों के लिए अहम चेतावनी जारी की है. बैंक ने YONO SBI इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को अलर्ट किया है. SBI के मुताबिक, साइबर ठग नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं और छोटी सी गलती आपके अकाउंट को खाली कर सकती है.
YONO के नाम पर हो रहा फ्रॉड
इन दिनों सोशल मीडिया पर YONO SBI के नाम से फर्जी पेज बनाए जा रहे हैं. स्कैमर्स स्पॉन्सर्ड विज्ञापन चलाकर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. इन विज्ञापनों में लिखा होता है- “यूजरनेम या पासवर्ड भूल गए? इस लिंक पर क्लिक करें और तुरंत रिकवर करें. SBI ने साफ कहा है कि ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि ये पूरी तरह फर्जी हो सकते हैं और आपकी बैंकिंग जानकारी चोरी कर सकते हैं.
गलती पड़ सकती है भारी
अगर कोई यूजर ऐसे लिंक पर क्लिक कर अपनी डिटेल्स भर देता है, तो वह तुरंत ठगी का शिकार हो सकता है. बैंक ने सलाह दी है कि हमेशा सिर्फ ऑफिशियल YONO SBI ऐप या SBI की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें. साथ ही किसी भी अनजान लिंक, मैसेज या कॉल पर अपनी निजी जानकारी शेयर न करें. खासतौर पर OTP, पासवर्ड और बैंकिंग डिटेल्स किसी को न दें.
बैंक अधिकारी बनकर कर सकते हैं कॉल
SBI ने यह भी बताया कि ठग खुद को बैंक अधिकारी बताकर कॉल, SMS या ईमेल के जरिए लोगों से संपर्क कर सकते हैं. वे KYC अपडेट, अकाउंट ब्लॉक होने या रिवॉर्ड प्वाइंट्स का लालच देकर संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं. बैंक ने साफ किया है कि कोई भी असली बैंक अधिकारी फोन, मैसेज या ईमेल के जरिए OTP, PIN, पासवर्ड या कार्ड डिटेल्स नहीं मांगता. अगर कोई ऐसा करता है, तो समझ जाइए कि यह फ्रॉड है.
इस नंबर से आता है SBI का कॉल
SBI के मुताबिक, बैंक की आधिकारिक कॉल आमतौर पर 1600 से शुरू होने वाले नंबरों से आती है. अगर किसी अन्य नंबर से कॉल आए, तो सतर्क रहें और कोई भी जानकारी साझा न करें. अगर आप किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या National Cyber Crime Reporting Portal की वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें.
ALSO READ: ब्लैकपिंक की Lisa का Met Gala डेब्यू रहा सबसे अलग, देखें stunning लुक
