Ranchi:खेलगांव में आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले व्हाईट टाइगर गोजू रियु कराटे एसोसिएशन चक्रधरपुर एवं गोइलकेरा शाखा के 19 पदक विजेता खिलाड़ियों का गुरुवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर प्रांगण में हुए समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. संस्था प्रमुख सेंसेई आशीष कुमार पाण्डेय ने सीनियर ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों के साथ सभी पदक विजेताओं को सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कम समय में नए खिलाड़ियों को तैयार कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कराना संस्था के लिए गर्व की बात है.
9 राज्यों के 350 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
सेंसेई पाण्डेय ने बताया कि रांची खेलगांव में आयोजित इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर के करीब 350 कराटेकारों ने भाग लिया था. झारखंड, बिहार, बंगाल, उड़ीसा, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, सिक्किम एवं छत्तीसगढ़ सहित 9 राज्यों की टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच व्हाईट टाइगर गोजू रियु कराटे एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने 19 पदक जीते. इनमें स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक शामिल हैं. संस्था ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस सही मार्गदर्शन और मंच की जरूरत है. समारोह में अभिभावक, स्कूल प्रबंधन और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद थे. सेंसेई पाण्डेय ने कहा कि संस्था का लक्ष्य ओलंपिक स्तर तक खिलाड़ी तैयार करना है. विजेता खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा.

AlsoRead:‘नशा मुक्ति’ दावों को ठेंगा दिखा रही हकीकत, हाथों में किताब की जगह खैनी मल रहे नौनिहाल
