News Wave Desk : गर्मी का मौसम शुरू होते ही घरों में लाल चीटियों की परेशानी तेजी से बढ़ने लगती है. सबसे ज्यादा दिक्कत किचन में होती है, जहां चीनी, मिठाई, ब्रेड और खाने-पीने की चीजों पर मिनटों में चीटियां पहुंच जाती हैं. एक बार अगर चीटियों ने घर के अंदर रास्ता बना लिया, तो उनकी लंबी लाइन लग जाती है और उन्हें हटाना मुश्किल हो जाता है. कई लोग बाजार में मिलने वाले केमिकल स्प्रे और पाउडर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये छोटे बच्चों, पालतू जानवरों और खाने की चीजों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. ऐसे में घरेलू उपाय ज्यादा सुरक्षित और असरदार माने जाते हैं.
सिरका खत्म कर देता है चीटियों का रास्ता

विशेषज्ञों के मुताबिक चीटियां चलते समय एक खास गंध छोड़ती हैं, जिससे बाकी चीटियां उसी रास्ते पर चलती हैं. सफेद सिरका इस गंध को खत्म कर देता है. इसके लिए आधा पानी और आधा सिरका मिलाकर स्प्रे तैयार करें और उन जगहों पर छिड़काव करें जहां चीटियां ज्यादा दिखाई देती हैं. नियमित इस्तेमाल से चीटियों की लाइन टूटने लगती है.
दालचीनी की तेज महक से दूर भागती हैं चीटियां
दालचीनी की खुशबू इंसानों को भले अच्छी लगे, लेकिन चीटियां इससे दूर रहती हैं, चींटियों के आने-जाने वाले रास्तों पर दालचीनी पाउडर छिड़कने से फायदा मिल सकता है. इसके अलावा दालचीनी के तेल में रुई भिगोकर रखने से भी चीटियां उस जगह के आसपास नहीं आतीं.
नींबू का खट्टापन भी है असरदार
नींबू में मौजूद तेज गंध और खट्टापन चीटियों को दूर रखने में मदद करता है, जिन जगहों पर चीटियां दिखाई देती हैं वहां नींबू का रस डाल सकते हैं. वहीं, किचन के कोनों में नींबू के छिलके रखने से भी राहत मिल सकती है, कई लोग पोछा लगाने वाले पानी में भी नींबू का रस मिलाकर इस्तेमाल करते हैं.
नमक और बेकिंग सोडा से मिलेगा छुटकारा
नमक को भी चीटियों को रोकने का आसान तरीका माना जाता है, पानी में नमक मिलाकर उसका घोल चीटियों के रास्ते पर डालें, सूखा नमक भी उनके आने-जाने वाले स्थान पर छिड़का जा सकता है. नमक और बेकिंग सोडा का मिश्रण भी चीटियों को दूर रखने में मददगार माना जाता है.
पुदीने की खुशबू भी करती है कमाल
पुदीने की तेज खुशबू चीटियों को पसंद नहीं आती. पुदीने की पत्तियां या उसका तेल चीटियों वाली जगह पर रखने से फायदा मिल सकता है, इसके अलावा पुदीने के तेल की कुछ बूंदें पानी में मिलाकर स्प्रे करने से भी घर में चीटियों की परेशानी कम हो सकती है.
सफाई रखना भी है जरूरी
घरेलू उपायों के साथ-साथ घर की साफ-सफाई का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. खाने-पीने की चीजों को खुला न छोड़ें और किचन को सूखा व साफ रखें. इससे चीटियों के आने की संभावना काफी कम हो जाती है.
Also Read : नए CDS नियुक्त: लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि संभालेंगे CDS का पद, अनिल चौहान की लेंगे जगह
