Ranchi: क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि सपनों की वह पिच है, जहां छोटे शहरों के बच्चे भी बड़ा इतिहास लिखते हैं. इसी सपने को नई उड़ान देने के उद्देश्य से रविवार को बुंडू के टीटीसी मैदान में सोनेट क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित प्रथम स्मारक गुरुचरण महतो अंडर–14 टी–20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार शुभारंभ हुआ. उद्घाटन झारखंड के पूर्व रणजी खिलाड़ी एसपी गौतम ने फीता काटकर किया. मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह, दर्शकों की तालियां और क्रिकेट का रोमांच देखते ही बन रहा था.
उद्घाटन मुकाबले में रोमांचक खेल
टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में गोस्वामी सीसी और झारखंड इंस्टीट्यूट की टीम आमने-सामने हुई. पहले बल्लेबाजी करते हुए गोस्वामी सीसी ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 117 रन बनाए. टीम की ओर से पीयूष पंडित ने 19 रन तथा शुभ आर्या ने 17 रन की उपयोगी पारी खेली. झारखंड इंस्टीट्यूट की ओर से किशन सिंह और विवान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए.

Also Read: NTPC ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों से मिले 1.45 करोड़ रुपये के हिसाब पर उठे सवाल
झारखंड इंस्टीट्यूट की जीत
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड इंस्टीट्यूट की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 14.2 ओवर में दो विकेट खोकर 120 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया. टीम की जीत के नायक बने दिव्य गौतम, जिन्होंने शानदार 58 रनों की विस्फोटक पारी खेली. वहीं शिवांश राज ने 17 रन का योगदान दिया. बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिव्य गौतम को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया.
युवा खिलाड़ियों को मंच देने की पहल
टूर्नामेंट के आयोजक एवं क्लब संचालक जीतू कुमार महतो ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ टूर्नामेंट कराना नहीं, बल्कि गांव-कस्बों के बच्चों को वह मंच देना है, जहां से वे राज्य और देश के लिए खेल सकें. बुंडू की धरती में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और अवसर की है. गुरुचरण महतो जी की स्मृति में शुरू हुआ यह टूर्नामेंट आने वाले वर्षों में युवा क्रिकेटरों के लिए पहचान का सबसे बड़ा मंच बनेगा.
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रतियोगिता में रांची जिले की कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में विष्णु गोस्वामी, जितेश सिंह, राजेश गुप्ता, विनय राणा, शिव महतो, सुरेश कुमार सहित कई खेलप्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
