NTPC ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों से मिले 1.45 करोड़ रुपये के हिसाब पर उठे सवाल

Hazaribagh: केरेडारी के पेटो पंचायत स्थित मध्य विद्यालय पेटो प्रांगण में एनटीपीसी परियोजना प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की बैठक हुई. बैठक की...

Hazaribagh: केरेडारी के पेटो पंचायत स्थित मध्य विद्यालय पेटो प्रांगण में एनटीपीसी परियोजना प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुखिया राजकिशोर यादव ने की, जबकि संचालन उपमुखिया लक्ष्मण साव ने किया. बैठक में एनटीपीसी के चट्टी बरियातू एवं केडी परियोजना से कोयला ढुलाई कर रही ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों द्वारा स्थानीय कमिटी किसान, बेरोजगार, विस्थापित एवं प्रभावित को प्रदूषण के एवज में दिए जाने वाले करोड़ों रुपये की राशि में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया.

राशि वितरण में पारदर्शिता नहीं होने का आरोप

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि प्रदूषण के नाम पर मिलने वाली राशि का कोई लेखा-जोखा नहीं है और ना ही आसपास के रैयतों को समान रूप से राशि बांटी जाती है. गांवों को अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है. ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप सुविधाएं और राहत कार्य नहीं दिख रहे हैं.

ग्रामीणों ने पारदर्शिता के साथ राशि वितरण करने तथा प्रभावित गांवों में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है.

1.45 करोड़ रुपये मिलने का दावा

अध्यक्षता कर रहे पूर्व मुखिया राजकिशोर यादव ने कहा कि कमिटी गठन के समय से अब तक लगभग 1.45 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं. इसमें अब तक गिने-चुने ग्रामीणों को एक-दो हजार रुपये देकर कुछ ही राशि वितरित की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण राशि का कमिटी के कुछ लोगों द्वारा आपसी बंदरबांट किया गया है.

Also Read: हजारीबाग पहुंचे राज्यस्तरीय दिशा समिति सदस्य दिवेश तिवारी, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

कमिटी पर मिलीभगत का आरोप

लक्ष्मण साव ने कहा कि कमिटी का पैसा प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए एनटीपीसी ट्रांसपोर्टिंग कंपनी से राशि दिलाई जाती है, लेकिन प्रदूषण के नाम पर कमिटी के पदाधिकारियों ने मिलीभगत कर पूरी राशि का गबन कर दिया है. उन्होंने कहा कि रैयतों द्वारा कई बार आय-व्यय का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई जानकारी नहीं दी गई.

ट्रांसपोर्टिंग कार्य बंद करने की चेतावनी

स्थानीय रैयतों ने प्रदूषण राशि नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी और संपूर्ण कोयला ट्रांसपोर्टिंग कार्य बंद करने की घोषणा की है. नेता रामेश्वर साहू और भाजपा नेता प्रीतम साहू ने भी कई गंभीर आरोप लगाए. साथ ही आगामी 17 मई को बैठक कर नई कमिटी गठन करने का निर्णय लिया गया.

बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद

मौके पर राजू साव, चरित्र राम, टिकेश्वर साव, नकुल साहू, नारायण यादव, महावीर साहू, भगीरथ साहू, राजेंद्र साव, रविंद्र साहू, बिनोद राम, प्रकाश ठाकुर, प्रवील यादव, जितेंद्र कुमार साव, सुभाष साव, राजकुमार साहू, रामेश्वर रजक, रामवृक्ष राम, निजाम अंसारी, कैलेश्वर राम, उत्तम राम, चिंता देवी, कबूतरी देवी, मीना, इतवरिया, झालों देवी, सुनीता, रेखा देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *