News Wave Desk : सुबह उठते ही एक कप गरमा-गरम चाय मिल जाए तो कई लोगों का दिन बन जाता है, भारत में ‘बेड टी’ का चलन काफी पुराना है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि खाली पेट चाय पीने की आदत धीरे-धीरे शरीर, खासकर किडनी पर असर डाल सकती है. रिसर्च के अनुसार चाय में मौजूद कैफीन और ऑक्सालेट्स खाली पेट शरीर में जाने पर डिहाइड्रेशन, एसिडिटी और किडनी स्टोन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकते हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि मेडिकल रिपोर्ट्स इस बारे में क्या कहती हैं.
किडनी पर कैसे पड़ता है असर?

चाय में प्राकृतिक रूप से ऑक्सालेट्स (Oxalates) पाए जाते हैं, विशेषज्ञों के अनुसार जब कोई व्यक्ति खाली पेट चाय पीता है तो ये कंपाउंड्स शरीर में तेजी से अवशोषित होकर किडनी तक पहुंच सकते हैं, ऑक्सालेट्स कैल्शियम के साथ मिलकर छोटे-छोटे क्रिस्टल बनाते हैं, जो आगे चलकर किडनी स्टोन का रूप ले सकते हैं. इसके अलावा चाय एक डाइयूरेटिक ड्रिंक मानी जाती है, यानी यह शरीर से पानी बाहर निकालने का काम करती है, खाली पेट चाय पीने से डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है, जिससे किडनी को ब्लड फिल्टर करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है.
कैफीन और एसिडिटी भी बढ़ाती है परेशानी
मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक चाय में मौजूद कैफीन खाली पेट लेने पर ब्लड प्रेशर को अचानक बढ़ा सकता है, लंबे समय तक ऐसा होने पर किडनी की छोटी रक्त वाहिकाओं पर असर पड़ सकता है. इसके साथ ही चाय की एसिडिक प्रकृति पेट में पित्त रस के संतुलन को बिगाड़ सकती है, जिससे एसिडिटी, जलन और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं चाय में मौजूद टैनिन्स कई लोगों में मतली और बेचैनी भी पैदा करते हैं, जो शरीर के मेटाबॉलिज्म पर असर डाल सकते हैं.
ब्लैक टी या मिल्क टी, कौन ज्यादा नुकसानदायक?
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को पहले से किडनी की बीमारी या स्टोन की समस्या है तो चाय पीने का तरीका और समय दोनों महत्वपूर्ण हो जाते हैं, रिसर्च में पाया गया है कि दूध वाली चाय, ब्लैक टी की तुलना में कुछ हद तक कम जोखिम वाली हो सकती है, दूध में मौजूद कैल्शियम चाय के ऑक्सालेट्स के साथ पेट और आंतों में ही जुड़ जाता है, जिससे ऑक्सालेट्स का एक हिस्सा शरीर से बाहर निकल जाता है और किडनी तक कम पहुंचता है, इसी वजह से भोजन या डेयरी प्रोडक्ट्स के साथ ऑक्सालेट वाली चीजें लेने से किडनी स्टोन का खतरा कम हो सकता है.
क्या करें?
सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीने से बचें
पहले पानी पिएं, फिर हल्का नाश्ता करें
इसके बाद चाय लें तो बेहतर माना जाता है
दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यदि आपको किडनी स्टोन, हाई ब्लड प्रेशर या पाचन संबंधी समस्या है तो चाय की मात्रा और समय को लेकर डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
Also Read : 5000 किलोमीटर की मारक क्षमता वाले अग्नि 5 का सफल परीक्षण
