Saraikela: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए.
स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई. खनन प्रभावित क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई. प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) अंतर्गत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों के चिन्हीकरण एवं संशोधित सूची के अनुमोदन पर चर्चा की गई. समिति द्वारा आवश्यक अनुमोदन प्रदान किया गया.

DMFT की राशि का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश
उपायुक्त ने स्वीकृत योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, पारदर्शिता, नियमित अनुश्रवण एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि DMFT की राशि का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क, कौशल विकास और आजीविका जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर हो. बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि खनन प्रभावित गांवों में लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिले. लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने और नई योजनाओं का प्रस्ताव नियमानुसार भेजने को कहा गया.
बैठक में डीडीसी, एडीसी, सभी तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता, जिला खनन पदाधिकारी और समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
