सिमडेगा : रेफरल अस्पताल ठेठईटांगर में डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण एक गंभीर मरीज की मौत हो जाने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार ठेठईटांगर निवासी मो. इमरान को गंभीर हालत में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था. परिजनों का कहना है कि मरीज की स्थिति बेहद नाजुक थी और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी, लेकिन अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था.
परिजनों के अनुसार काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद कोई चिकित्सक अस्पताल नहीं पहुंचे, जिसके कारण मरीज का इलाज शुरू ही नहीं हो सका. समय पर उपचार नहीं मिलने से मो. इमरान की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया.


लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जताई नाराजगी
अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति कोई नई बात नहीं है. उनका कहना है कि अक्सर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण एक मरीज की जान चली गई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा अस्पताल में नियमित रूप से डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : उत्पाद सिपाही भर्ती घोटाला: 154 अभ्यर्थी जेल से बाहर, मास्टरमाइंड समेत कई अब भी बंद
