Ranchi: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. कहा है कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के संरक्षण में अपराधी और माफिया फल-फूल रहे हैं. मंगलवार को धनबाद में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में स्थिति बिगड़ी नहीं है, बल्कि सोची-समझी रणनीति के तहत बिगाड़ी गई है.

दागी अफसरों की तैनाती और गिरती साख
मरांडी ने कहा कि जब जिलों और प्रदेश के मुख्य पदों पर दागी अफसरों को बैठाया जाएगा, तो जनता बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद कैसे कर सकती है? उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो और पुलिस महानिदेशक की नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया. मरांडी के अनुसार, दागी अधिकारियों को संरक्षण और सेवा विस्तार देना यह दर्शाता है कि सरकार स्वयं व्यवस्था को पंगु बनाना चाहती है.
आतंकी-अपराधी-पुलिस गठजोड़ और एनआइए की मांग
धनबाद की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने एक सनसनीखेज गठजोड़ का दावा किया. उन्होंने कहा कि प्रिंस खान जैसे अपराधियों का पाकिस्तान और पंजाब के रास्ते अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा होना, केवल अंतरराज्यीय अपराध नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को बॉडीगार्ड और आर्म्स लाइसेंस तक मुहैया कराए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई को बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर, 12 लाख केमिस्टों ने किया देशव्यापी हड़ताल का ऐलान

पुलिस, गैंगस्टर और माफिया का एक खतरनाक नेक्सस
मरांडी ने ने कहा कि यह पुलिस, गैंगस्टर और माफिया का एक खतरनाक नेक्सस है. चूंकि इस गठजोड़ में पुलिस प्रशासन की संलिप्तता के भी प्रमाण मिल रहे हैं, इसलिए राज्य पुलिस इसकी निष्पक्ष जांच नहीं कर सकती. दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए पूरे मामले को एनआइए को सौंप देना चाहिए.
भ्रष्टाचार और संसाधनों की लूट
उन्होंने शराब घोटाले, जमीन, कोयला, पत्थर और बालू की खुलेआम लूट का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने तंज कसा कि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है. इस दौरान धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी मौजूद रहे, जिन्होंने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए.
