Click Here

चतरा: सरस्वती ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; कट्टा-कारतूस और बाइक बरामद

Chatra: वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कोन गांव के समीप कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ जोरी के पास सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय...

Chatra

Chatra: वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कोन गांव के समीप कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ जोरी के पास सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा से हुई लूटपाट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

घटनास्थल से मिले चप्पल से पुलिस को मिला सुराग

पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों के भागने के दौरान छूटे चप्पल भी बरामद किए थे. जांच के दौरान एक जोड़ी चप्पल गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार की बताई गई है. इसी समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई. यह जानकारी बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि 7 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ जोरी के पास से गुजर रहे थे.

 दहशत फैलाने के लिए की फायरिंग

इसी दौरान अज्ञात अपराधकर्मियों ने उन्हें निशाना बनाकर मोबाइल फोन और सोने की चेन लूट ली. अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए. घटना को लेकर वशिष्ठ नगर थाना में कांड संख्या 117/26 के तहत धारा 309(6)/311 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

एसपी के निर्देश पर गठित की गई थी विशेष टीम

डीएसपी ने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था. टीम द्वारा घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही थी. इसी क्रम में 11 अगस्त को अमित कुमार, बीटु कुमार और रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमित कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार, उम्र 24 वर्ष, पिता अजय दास, ग्राम परासिया, थाना हंटरगंज, जिला चतरा, बीटु कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता राजू दास, ग्राम छोटकी जोरी, थाना वशिष्ठ नगर, जिला चतरा तथा रोहित कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता रामरतन भारती, ग्राम करैलीबार, थाना वशिष्ठ नगर, जिला चतरा शामिल हैं.

अमित कुमार का रहा है आपराधिक इतिहास

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध हंटरगंज थाना में वर्ष 2021 में डकैती से संबंधित मामला दर्ज है. इसके अलावा बिहार के शेरघाटी थाना एवं बहेरा ओपी में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. अमित कुमार के विरुद्ध दर्ज मामलों में हंटरगंज थाना कांड संख्या 175/21, 16 दिसंबर 2021, धारा 395 भादवि शामिल है. इसके अलावा शेरघाटी थाना कांड संख्या 356/24, 379/24 तथा बहेरा ओपी कांड संख्या 43/24 भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल हैं.

ALSO READ: पलामू: केजी बालिका उच्च विद्यालय की 34 छात्राओं को मिली साइकिल, DC बोले- यह विकास का पहिया

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *