Gumla: समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) से संबंधित कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों एवं हिंडाल्को कंपनी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने CSR के तहत संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा, पेयजल, खेल एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाए, ताकि अधिकाधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके. पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पाट क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने तथा PHED विभाग को नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने जरूरतमंद क्षेत्रों में स्कूल बस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, विद्यालयों में बेंच-डेस्क की व्यवस्था करने तथा आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए.
इसके अतिरिक्त खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा समाज कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
उपायुक्त ने हिंडाल्को कंपनी के प्रतिनिधियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं को यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
बैठक में अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, हिंडाल्को कंपनी के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
