Giridih:जमुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब थाना के आसपास भी लोग सुरक्षित नहीं हैं. चोरी, छिनतई और लूट की घटनाओं से व्यापारी दहशत में हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ “जांच जारी है” कहकर अपनी जिम्मेदारी से बचती नजर आ रही है. सवाल यह है कि जब थाना से महज 200 मीटर दूर अपराधी आराम से लूट कर फरार हो जाएं, तो आम जनता आखिर किस भरोसे जिए?
मंगलवार रात करीब 8 बजे जमुआ निवासी चावल व्यवसायी बंशी साव अपनी दुकान बंद कर अंदर मौजूद थे. तभी कुछ लोग चावल खरीदने के बहाने पहुंचे और दुकान खुलवाया. जैसे ही शटर खुला, दो नकाबपोश अपराधी अंदर घुस गए और शटर बंद कर व्यापारी परिवार को बंधक जैसा बना दिया. अपराधियों ने बंशी साव के साथ मारपीट की और व्यापारी को देने के लिए रखे करीब 50 हजार रुपये लूट लिए. इतना ही नहीं, उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन भी छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पीछे के रास्ते से आराम से फरार हो गए.

पुलिस गश्ती पर सवाल
सबसे शर्मनाक बात यह है कि यह पूरी घटना थाना से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर हुई. इससे साफ जाहिर होता है कि इलाके में पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है. स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि अपराधियों में अब पुलिस का कोई डर नहीं बचा है और जमुआ में कानून व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है. हर घटना के बाद पुलिस गिरफ्तारी और कार्रवाई का दावा करती है, लेकिन जमीन पर अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं. व्यापारी अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और शाम होते ही दुकानें बंद करने को मजबूर हैं.


पुलिस का दावा
वहीं थाना प्रभारी विभूति देव ने कहा है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है और जल्द ही कार्रवाई करेगी.
AlsoRead:रहें सावधान, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट
