Hazaribagh: हजारीबाग से सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को पटना में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक एवं महाप्रबंधक से शिष्टाचार मुलाकात की. इस मुलाकात में सांसद ने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की. बैठक में सीएसआर मद के प्रभावी उपयोग के माध्यम से स्मार्ट कक्षाएं, अटल टिंकरिंग लैब एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर सकारात्मक सहमति बनी. सांसद मनीष जायसवाल ने अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक संसाधनों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है.
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता
सांसद ने कहा कि डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट कक्षाएं और नवाचार आधारित प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करेंगी. बैठक के दौरान विद्यालयों में कंप्यूटर आधारित शिक्षण व्यवस्था, डिजिटल उपकरण, प्रयोगशालाओं के विकास तथा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई. भारतीय स्टेट बैंक अधिकारियों ने शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया. सांसद ने कहा कि हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि सरकारी विद्यालयों के छात्र भी देश-दुनिया के बदलते शैक्षणिक माहौल के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें.

