Lohardaga: लोहरदगा जिला के किस्को उच्च विद्यालय मैदान में आगामी 30 मई को छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन का भव्य महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा. इस विशाल आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में मजदूरों एवं यूनियन कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह का माहौल है.
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार महाधिवेशन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों मजदूरों की भागीदारी होने की संभावना है, जिससे यह कार्यक्रम श्रमिक एकता का ऐतिहासिक उदाहरण बनेगा.

मजदूरों की समस्याओं और अधिकारों पर होगी चर्चा
महाधिवेशन का आयोजन यूनियन के पूर्व सांसद सह महासचिव धीरज प्रसाद साहू के नेतृत्व में किया जा रहा है. कार्यक्रम में बॉक्साइड एवं कोल क्षेत्रों से जुड़े मजदूरों की समस्याओं, रोजगार सुरक्षा, श्रमिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा एवं क्षेत्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी. इसके साथ ही मजदूर हितों को लेकर संगठन की आगामी रणनीति भी तय की जाएगी.
पूर्व सांसद सह महासचिव धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मजदूरों की मेहनत से ही उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है. उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए यूनियन हमेशा संघर्षरत रही है और आगे भी मजबूती के साथ लड़ाई जारी रखेगी.
उन्होंने कहा कि 30 मई का यह महाधिवेशन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मजदूरों की एकता, संघर्ष और स्वाभिमान का महापर्व होगा. उन्होंने सभी मजदूर भाइयों एवं युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की.
महाधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज
यूनियन के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि किस्को की धरती पर होने वाला यह महाधिवेशन मजदूर आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि लाखों मजदूरों की उपस्थिति संगठन की मजबूती और एकता का प्रमाण होगी. उन्होंने कहा कि मजदूरों के हक, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन सदैव प्रतिबद्ध है तथा हर परिस्थिति में श्रमिकों की आवाज बनकर खड़ी रहेगी.
महाधिवेशन को सफल बनाने हेतु आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा एवं स्वागत की विशेष तैयारी की जा रही है. यूनियन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मजदूरों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं. पूरे क्षेत्र में महाधिवेशन को लेकर उत्साह, उमंग एवं जोश का माहौल बना हुआ है.
