Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल के सिक्स यूनिट स्थित सीआईएसएफ कैंप में निर्माणाधीन एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) कार्यस्थल पर एक बड़ा हादसा होते-होते गुरुवार को बचा. यहां भरत जी पटेल कंपनी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी का चाल गिरने से बिशुन महतो नामक एक मजदूर दबकर घायल हो गया. घायल मजदूर स्थानीय सुभाष नगर का रहने वाला बताया जाता है. घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मलबे से बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए डीवीसी अस्पताल ले गए. चिकित्सकों के अनुसार, मजदूर के कमर और पैर में चोटें आई हैं.
मिट्टी गीली होने के कारण हुआ हादसा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ कैंप परिसर में पाइप बिछाने का काम पूरा होने के बाद चैंबर बनाने का कार्य चल रहा था. बारिश के कारण मिट्टी गीली थी, जो काम के दौरान अचानक धंस गई. इससे मजदूर का कमर तक का हिस्सा मिट्टी में दब गया और वह चोटिल हो गया. स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने निर्माण कार्य में लगी कंपनी पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का आरोप लगाया है.

सुरक्षा के लिए मजदूरों को नहीं दिए गए हैं जूते और हेलमेट
बताया जा रहा है कि कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा का कोई ख्याल नहीं रखा जाता है. मजदूरों को न तो सुरक्षा के लिए जूते दिए गए हैं और न ही हेलमेट उपलब्ध कराया गया है. हैरानी की बात यह है कि कार्य के दौरान न तो संबंधित ठेका कंपनी का कोई जिम्मेदार व्यक्ति और न ही डीवीसी सिविल विभाग का कोई इंजीनियर मौके पर मौजूद रहता है, जिसके कारण ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति हो रही है.
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी कार्मेल स्कूल के समीप सड़क किनारे चल रहे काम के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर दब गया था. बार-बार हो रही इन घटनाओं ने प्रबंधन और ठेका कंपनियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड में ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 लागू करने की तैयारी तेज
