Garhwa : जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा (मंडल जेल) में शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की. इस औचक कार्रवाई से जेल प्रशासन और कैदियों के बीच हड़कंप मच गया. यह छापेमारी एसडीएम संजय कुमार और एसडीपीओ के संयुक्त नेतृत्व में की गई थी.
सभी वार्डों और सेल की हुई सघन जांच
जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम भारी संख्या में पुलिस बल के साथ अचानक मंडल जेल पहुंची. इसके बाद सुरक्षा बलों ने जेल को अपने घेरे में ले लिया. टीम ने जेल के भीतर मौजूद सभी वार्डों, कैदियों के सेल, जेल अस्पताल, रसोई घर (मेस) और परिसर के चप्पे चप्पे की सघन तलाशी ली. अचानक हुई इस कार्रवाई से कैदियों के बीच हड़कंप की स्थिति रही. इस दौरान जेल के अंदर से कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ.

सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखने का उद्देश्य
यह पूरी छापेमारी करीब दो घंटे से भी अधिक समय तक चली. अधिकारियों के मुताबिक, जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, अनुशासन बनाएं रखने और किसी भी तरह की अवैध या संदिग्ध गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह औचक कार्रवाई की गई थी. इस अभियान में एसडीएम और एसडीपीओ के अलावा जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और भारी संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल के जवान शामिल थे.
नहीं मिला कोई भी संदिग्ध सामान, जेल प्रशासन को मिले कड़े निर्देश
छापेमारी खत्म होने के बाद एसडीएम संजय कुमार ने मीडिया को बताया कि यह एक रूटीन जांच थी. जिसका मुख्य उद्देश्य जेल के अंदर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को दुरुस्त रखना था. पूरी जांच के दौरान जेल के भीतर शांतिपूर्ण माहौल पाया गया और कोई भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान (जैसे मोबाइल, नशीले पदार्थ या हथियार) नहीं मिला. एसडीएम ने आगे बताया कि जांच के बाद जेल प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने और कैदियों पर कड़ी नजर रखने के आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में भी जेल की सुरक्षा में कोई चूक न हो.
ALSO READ : रांची पुलिस की कार्रवाई: ऑपरेशन प्रहार के तहत एक ही रात में 100 से अधिक अपराधी गिरफ्तार
