Bokaro: शहर के चिन्मय विद्यालय के पूर्व छात्र और यूपीएससी 2020 के टॉपर शुभम कुमार को बिहार सरकार ने नई जिम्मेदारी सौंपी है. बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान में उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद नालंदा के पद पर कार्यरत शुभम कुमार का तबादला कर उन्हें पटना का उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद नियुक्त किया गया है. यह अधिसूचना बिहार सरकार के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी द्वारा राज्यपाल के आदेश से जारी की गई.
Also Read: नीट परीक्षा लीक के खिलाफ बोकारो में आप का प्रदर्शन

UPSC टॉपर से प्रशासनिक जिम्मेदारी तक का सफर
आईआईटी बॉम्बे से स्नातक शुभम कुमार ने वर्ष 2020 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहचान बनाई थी. उनकी प्रारंभिक शिक्षा पूर्णिया के विद्या विहार आवासीय विद्यालय में हुई, जबकि उच्च शिक्षा बोकारो के चिन्मय विद्यालय से पूरी हुई.
शुभम कुमार की सफलता और संघर्ष की कहानी आज भी यूपीएससी अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है. लगातार असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया.
