Lohardaga: पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लोहरदगा पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस लाइन बक्सीडिपा, लोहरदगा में सोमवार को एक दिवसीय नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर (मेडिकल कैंप) का आयोजन किया गया. इस शिविर में जिले के विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों से पहुंचे 200 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर चिकित्सीय परामर्श और आवश्यक दवाइयों का लाभ उठाया. स्वास्थ्य शिविर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर आयोजित किया गया. शिविर में रांची स्थित पारस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की. चिकित्सा विशेषज्ञों ने पुलिस जवानों की नियमित स्वास्थ्य समस्याओं, तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य बीमारियों की जांच कर उचित चिकित्सीय सलाह दी.

बेहतर जीवनशैली अपनाने की हिदायत
शिविर के मुख्य चिकित्सक वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. प्रमार शिव कृष्ण ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें बेहतर जीवनशैली अपनाने, नियमित जांच कराने तथा समय-समय पर चिकित्सीय परामर्श लेने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि लगातार ड्यूटी और अनियमित दिनचर्या के कारण पुलिसकर्मियों में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं देखने को मिलती हैं, जिन्हें समय रहते पहचानना और उपचार करना आवश्यक है. स्वास्थ्य जांच शिविर में नर्सिंग स्टाफ नंदन एवं नीलम ने सक्रिय भूमिका निभाई. दोनों ने पुलिसकर्मियों की ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच में सहयोग किया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था संभाली. वहीं पारस हॉस्पिटल की सेल्स एवं मार्केटिंग टीम से तुषार संकर तथा जी.डी. स्टाफ दीपक कुमार ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया. शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. कई जवानों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए मुफ्त चिकित्सीय परामर्श दिया गया, वहीं जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई.

पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना की
स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि व्यस्त ड्यूटी और तनावपूर्ण माहौल के कारण उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच का अवसर नहीं मिल पाता है, ऐसे में यह शिविर काफी लाभदायक साबित हुआ.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग का ‘लैंड स्कैम’: 300 वर्गफीट की सरकारी लीज पर खड़ा कर दिया एक एकड़ का अवैध साम्राज्य!
पुलिसकर्मियों को शारीरिक-मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी: एसपी
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कठिन परिस्थितियों और तनावपूर्ण वातावरण में कार्य करते हैं, जिसके कारण वे अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस बल के जवानों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ पुलिस बल ही समाज में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम होता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि जिले के सभी पुलिसकर्मी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रह सकें और नियमित जांच का लाभ प्राप्त कर सकें. मेडिकल कैंप के दौरान जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मेजर शेरू कुमार रंजन, सदर थाना प्रभारी पु.नि. रत्नेश मोहन ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे. अंत में उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने पारस हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को पुलिसकर्मियों के हित में एक सकारात्मक कदम बताया.

