रांची: हवेली बैंक्वेट हॉल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026 के तहत भाजपा का प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने की. इसमें प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.

ये रहे उपस्थित
मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश मौजूद रहे. उनके साथ प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे.
प्रशिक्षण से मजबूत बनता है कार्यकर्ता
शिवप्रकाश ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम से कार्यकर्ता मजबूत बनते हैं. इससे उन्हें पार्टी की नीति, सोच और काम करने का तरीका समझ में आता है. उन्होंने कहा कि एक अच्छा और प्रशिक्षित कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होता है. देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा जागरूक और समर्पित कार्यकर्ताओं की जरूरत है.
राष्ट्र पहले, यही हमारी सोच: आदित्य साहू
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना से काम करते हैं. यही कारण है कि आज भारत दुनिया में मजबूत स्थिति में खड़ा है.
पंच प्रण को हर घर तक पहुंचाएं
डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री के पंच प्रण को हर घर तक पहुंचाना चाहिए. उन्होंने पर्यावरण बचाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की बात कही।.
सरकार की योजनाओं की जानकारी दें: बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है. इन योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें.
मार्च-अप्रैल तक पूरा करें प्रशिक्षण
कर्मवीर सिंह ने कहा कि मंडल स्तर का प्रशिक्षण मार्च और अप्रैल तक पूरा कर लिया जाए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से समय पर कार्यक्रम सफल बनाने की अपील की.

