Pakur: पाकुड़ में 108 एंबुलेंस का हाल बेहाल है. मरीज को अस्पताल पहुंचाने वाली 108 एंबुलेंस खुद बीमार है. आज खुद एंबुलेंस को इलाज की जरूरत है, लेकिन उनकी इलाज नहीं हो रही है. सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक 108 एम्बुलेंस सेवा भी शामिल है.

13 में सिर्फ 5 एंबुलेंस चालू, बाकी खा रही धूल
जानकारी के अनुसार पाकुड़ जिले भर में कुल 13 एंबुलेंस संचालित हैं, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 5 एंबुलेंस ही ठीक हैं, जबकि बाकी 8 एंबुलेंस खराब पड़ी हैं. किसी में पहिया नहीं है, तो किसी के शीशे टूटे हुए हैं.
ऐसे में 8 एंबुलेंस खराब पड़े रहने से कहीं ना कहीं स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़ा हो रहा है. जिस एंबुलेंस को सड़क पर दौड़ना चाहिए था, वह एंबुलेंस लोकेशन में खड़े-खड़े धूल फांक रही हैं. एंबुलेंस खराब रहने से न सिर्फ मरीज बल्कि एंबुलेंस कर्मियों को भी परेशानी हो रही है.
ALSO READ: भीषण गर्मी के बीच बदलेगा मौसम का मिजाज, लोगों को मिलेगी राहत
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर 108 एम्बुलेंस खराब पड़े रहेंगे तो आपातकालीन स्थिति में मरीज को अस्पताल किससे ले जाया जाएगा? क्या मरीजों को मजबूरी में ऑटो या अन्य निजी साधनों से अस्पताल पहुंचाना पड़ेगा?
जरूरत है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द खराब पड़े एंबुलेंस को ठीक कराए, ताकि जिस उद्देश्य के साथ 108 एंबुलेंस सेवा शुरू की गई थी उसका सही उपयोग हो सके. अब देखने वाली बात होगी कि कब तक खराब पड़े एंबुलेंस को दुरुस्त किया जाता है.
