Chaibasa : चक्रधरपुर के प्रसिद्ध समाजसेवी सदानंद होता की अचानक तबीयत बिगड़ने से शहर में चिंता का माहौल है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है और पिछले करीब छह घंटे में उनकी तबीयत और गंभीर हुई है. सदानंद होता के इलाज को लेकर चक्रधरपुर के लोगों की नजरें TMH पर टिकी हैं. वार्ड पार्षद मिस्त्री उनके साथ अस्पताल में मौजूद हैं और बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं.

समाजसेवी सदानंद होता की तबीयत बिगड़ी
सदानंद होता चक्रधरपुर में अपनी निस्वार्थ समाजसेवा के लिए काफी चर्चित हैं. जरूरतमंदों की मदद से लेकर सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने और उनकी जान बचाने तक, उन्होंने कई मौकों पर सक्रिय भूमिका निभाई है. उनके सामाजिक कार्यों के कारण शहर में उनका विशेष सम्मान और बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं. अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से चक्रधरपुर में उनके शुभचिंतकों और प्रशंसकों के बीच चिंता की लहर है. लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि सदानंद होता शीघ्र स्वस्थ होकर फिर से चक्रधरपुर लौटें.

