Koderma: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा रमाकान्त मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में बुधवार को सुबह 11:00 बजे डोमचांच प्रखंड के मसनोडीह पंचायत भवन सभागार में महिलाओं के विरुद्ध अपराध को लेकर चलाए जा रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान का आयोजन किया गया.

मुख्य अतिथि रहे सचिव गौतम कुमार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार मौजूद थे. 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गौतम कुमार ने कहा कि झालसा, रांची के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम तीन चरणों में संचालित किया जाएगा.
अभियान के उद्देश्य पर चर्चा
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क एवं सुलभ न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आमजनों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को उचित सम्मान दिया जाना आवश्यक है, ताकि महिला सशक्तिकरण के लक्ष्य को पूरा किया जा सके.
Also Read: मरकच्चो में सड़क हादसा, बाइक पेड़ से टकराई, दो लोग गंभीर रूप से घायल
महिलाओं के अधिकारों पर जोर
उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए कई कानून बनाए गए हैं. इसके अलावा सभी वर्गों के लोगों के अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा कृतसंकल्पित है.
इन विषयों पर किया गया जागरूक
कार्यक्रम में आमजनों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकार, वृद्धजनों के अधिकार, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया, ताकि लोगों को इनका सीधा लाभ मिल सके.
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर एलएडीसीएएस चीफ नवल किशोर, मुखिया पुष्पा देवी, पूर्व मुखिया रामदेव पासवान, पंचायत सचिव नीलिमा लकड़ा, विजय पांडेय, पीएलवी डोमचांच प्रखंड सुब्रत कुमार मुखर्जी, श्रुति माला कुमारी, अनुराग पांडेय, विक्की पासवान, नुनुलाल मेहता, निरंजू देवी, सुनीता देवी, अजय दास, राजेश पासवान, ममता देवी, संदीप कुमार, सोनी देवी, मनोज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
