Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत स्थित डुमरी बिरहोर टांडा और तुलबुल पंचायत के पिंड्रा गांव के पीवीजीटी टोला का दौरा कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक मतदान प्रक्रिया की पहुंच सुनिश्चित हो और कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे.
ली गई डिजिटाइजेशन कार्य की जानकारी
भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या 49 एवं 144-145 के बीएलओ सुनता देवी, वृंदा देवी और दुलारी देवी, बीएलओ सुपरवाइजर तथा वोलेंटियर्स से गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की जानकारी ली. उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को अभियान में तेजी लाने, प्रत्येक घर तक पहुंचने तथा कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया.

बिरहोर समुदाय की समस्याएं सुनीं और समाधान पर चर्चा की
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरहोर समुदाय के ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे गणना प्रपत्र सही जानकारी के साथ समय पर भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध कराएं और SIR-2026 अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें. उन्होंने कहा कि नागरिकों का छोटा-सा सहयोग उनके मताधिकार को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. उपायुक्त ने बीएलओ और वोलेंटियर्स को भी संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि दूरस्थ और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदाय (पीवीजीटी) का कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोकतंत्र की यह प्रक्रिया हर घर और हर व्यक्ति तक सम्मानपूर्वक पहुंचे.
ALSO READ:पाकुड़: SIR 2026 के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण


