मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में जुटा प्रशासन, रांची में विशेष पुनरीक्षण अभियान की हुई समीक्षा

Ranchi: जिले में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण...

DC Manjunath
डीसी मंजूनाथ भजंत्री

Ranchi: जिले में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की. बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधन पदाधिकारी, परीक्ष्यमान उप समाहर्ता, नवचयनित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी उपस्थित रहे.

निर्वाचन आयोग का यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण- उपायुक्त

बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत चल रहे मैपिंग एवं सत्यापन कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा, कि एक सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची होती है. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इससे जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया, कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा सुनिश्चित की जाए. नए मतदान केंद्रों के अनुरूप नजरिया नक्शा एवं की-मैप तैयार करने के साथ प्रत्येक परिवार का विवरण संकलित किया जाए. सर्वेक्षण के दौरान परिवार के मुखिया सहित सभी वयस्क सदस्यों की जानकारी दर्ज करते हुए वर्तमान मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.

त्वरित भौतिक सत्यापन कर की जाए आवश्यक सुधार

उपायुक्त ने कहा कि मैपिंग कार्य के दौरान यदि किसी प्रकार की तार्किक विसंगति या दोहरी प्रविष्टि सामने आती है, तो उसका त्वरित भौतिक सत्यापन कर आवश्यक सुधार किया जाए. साथ ही बीएलओ को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की अलग सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया.

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन मतदाताओं के पहचान पत्र में त्रुटि है अथवा पता परिवर्तन की आवश्यकता है, उनसे निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन प्राप्त कर ऑनलाइन सुधार की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए. वहीं नए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भरवाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.

यह भी पढ़ें: अवैध कोयला कारोबार की शिकायत करने पर जमकर बवाल, फायरिंग और तोड़फोड़ में तीन घायल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *