होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: लातेहार पुलिस ने जारी की सख्त एडवाइजरी, सोशल मीडिया पर पैनी नजर

लातेहार: रंगों के त्योहार होली और आपसी भाईचारे के पर्व को देखते हुए लातेहार पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. जिले...

लातेहार: रंगों के त्योहार होली और आपसी भाईचारे के पर्व को देखते हुए लातेहार पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर एक विस्तृत गाइडलाइन जारी की गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्साह के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

बिजली के तारों और झोपड़ियों से दूर करें होलिका दहन

पुलिस ने अपील की है कि होलिका दहन के लिए स्थान का चयन सावधानी से करें. आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे स्थानों पर होलिका न जलाएं जहां ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हों या पास में कोई झोपड़ी, आवास अथवा ज्वलनशील पदार्थ मौजूद हो. सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस इस बार विशेष चेकिंग अभियान चलाएगी. मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलना पूरी तरह वर्जित है.नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.

Read Also: झारखंड पुलिस मुख्यालय का निर्देश: मार्च तक खर्च करें SRE योजना की राशि, अतिरिक्त बजट के लिए 7 दिनों का समय

रजामंदी बिना रंग डाला तो होगी जेल

होली का मतलब हुड़दंग कतई नहीं है.पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति पर उसकी मर्जी के बिना रंग न डालें. जबरदस्ती करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कानूनी मामला दर्ज किया जाएगा.

सोशल मीडिया पर ‘डिजिटल’ पहरा

भ्रामक खबरों और सांप्रदायिक तनाव को रोकने के लिए लातेहार पुलिस का साइबर सेल सक्रिय है. व्हाट्सएप या फेसबुक ग्रुप पर यदि कोई आपत्तिजनक टिप्पणी, वीडियो या फोटो शेयर की जाती है, तो उसके लिए एडमिन को सीधे तौर पर जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी. किसी भी धर्म या समाज को ठेस पहुंचाने वाले गानों और मैसेज पर पूर्ण प्रतिबंध है.

जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. यदि कोई अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. किसी भी सहायता या सूचना के लिए लातेहार पुलिस से संपर्क करें.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *